November 7, 2026

मध्य प्रदेश के विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र को रेलवे कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअली सतना-देवेन्द्र नगर और रीवा-चुरहट रेल लाइन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही देवेन्द्र नगर-चुरहट ट्रेन सेवा की भी शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार जिले के सरदारपुर से कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए, जबकि मुख्य आयोजन नागौद और चुरहट रेलवे स्टेशन पर हुए।

541 किलोमीटर की परियोजना से बढ़ेगी रेल कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन विंध्य और बुंदेलखंड के लिए रेलवे की नई सौगात लेकर आया है। करीब 541 किलोमीटर की परियोजना से क्षेत्र में रेल नेटवर्क का विस्तार होगा और लंबे समय से बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग कर रहे इलाकों को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को करीब 1.50 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि रेल संपर्क बढ़ने से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। व्यापारिक गतिविधियों और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का विस्तार होगा। विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों को भी आवागमन के बेहतर विकल्प मिलेंगे। इस रेल परियोजना से पन्ना, रीवा, सीधी, सिंगरौली और सतना सहित विंध्य-बुंदेलखंड के क्षेत्रों को फायदा होगा। साथ ही मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।

औद्योगिक गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह रेल सुविधा विंध्य और बुंदेलखंड के लिए नई लाइफ लाइन साबित होगी। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले इन क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र के लोगों का लंबे समय से देखा जा रहा सपना पूरा हुआ है।

उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और नए औद्योगिक कॉरिडोर विकसित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। चिकित्सा सहित अन्य जरूरी सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

MP में 1.50 लाख करोड़ के रेलवे प्रोजेक्ट पर काम

रेल मंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में करीब 1.50 लाख करोड़ रुपये के रेलवे प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। प्रदेश के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों का विकास और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खजुराहो और ग्वालियर सहित कई स्टेशनों पर विकास कार्य जारी हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मध्य प्रदेश में लंबी और छोटी दूरी की 100 से अधिक रेल सेवाएं शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश में कई मेमू ट्रेनें भी शुरू की जाएंगी।

वैष्णव ने बताया कि विश्व धरोहर खजुराहो में भव्य रेलवे स्टेशन बनाया जा रहा है। वहीं, ग्वालियर स्टेशन को भी आधुनिक और भव्य स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे नागरिकों के प्रति श्रद्धा और कर्तव्यभाव के साथ सेवाएं दे रही है।

ओंकारेश्वर-खंडवा रेल लाइन का लोकार्पण भी जल्द

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में रेलवे विस्तार का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग-खंडवा रेल लाइन का लोकार्पण भी जल्द किया जाएगा।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी रहे मौजूद

नागौद और चुरहट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मौजूद रहे।

इसके अलावा रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार, जबलपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के.के. तलरेजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *