November 4, 2026

छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के कथित निजीकरण को लेकर प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संयंत्र के निजीकरण की आशंका जताते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए थे। अब रिसाली से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भूपेश बघेल और कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के निवास के सामने धरना देने का ऐलान किया है।

रिकेश सेन ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?

भाजपा विधायक रिकेश सेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के घर के सामने धरना देने की बात कही। उन्होंने लिखा, “भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के निवास के सामने धरना जल्द दूंगा, आपने अफवाह उड़ाया कि भिलाई इस्पात संयंत्र बिक रहा है।”

हालांकि, रिकेश सेन ने अभी तक धरने की तारीख और समय की घोषणा नहीं की है। उन्होंने केवल जल्द प्रदर्शन करने की बात कही है।

भूपेश बघेल ने BSP को लेकर जताई थी आशंका

भिलाई स्टील प्लांट के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर निजीकरण की आशंका जताई थी। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें जानकारी मिली है कि एक उद्योगपति भिलाई इस्पात संयंत्र का दौरा करने आने वाले हैं।

बघेल ने इस घटनाक्रम को केंद्र सरकार की नीतियों से जोड़ते हुए कहा था कि भिलाई स्टील प्लांट छत्तीसगढ़ की आत्मा है और प्रदेशवासी इसे किसी भी सूरत में बिकने नहीं देंगे। उन्होंने भाजपा नेताओं से भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की बात कही थी।

दीपक बैज ने सरकार से मांगी थी गारंटी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी भूपेश बघेल के बयान का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए थे। उन्होंने पूछा था कि क्या सरकार इस बात की गारंटी देगी कि भिलाई स्टील प्लांट और NMDC का निजीकरण नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने संयंत्र के भविष्य को लेकर आशंका जताई है, जबकि भाजपा विधायक रिकेश सेन ने उनके बयानों को अफवाह बताते हुए धरना देने की बात कही है।

BSP के मुद्दे पर बढ़ी राजनीतिक बयानबाजी

भिलाई स्टील प्लांट के कथित निजीकरण को लेकर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। रिकेश सेन के धरने के ऐलान के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि वह प्रदर्शन की तारीख और समय कब घोषित करते हैं। फिलहाल, धरने को लेकर कोई निश्चित कार्यक्रम सामने नहीं आया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *