भोपाल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में कृषि केंद्रित प्रदर्शनी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। लाल परेड ग्राउंड में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। यहां कृषि नवाचारों, आधुनिक तकनीकों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन की थीम ‘समृद्ध खेती-समृद्ध किसान’ रखी गई है।

200 स्टॉल पर दिखेंगे कृषि के आधुनिक तरीके
प्रदर्शनी में कृषि और संबद्ध विभागों के करीब 200 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें उन्नत बीज, जैविक एवं प्राकृतिक खेती की प्रणालियां, आधुनिक कृषि यंत्र, स्मार्ट सिंचाई तकनीक, एग्री स्टार्टअप और कृषि नवाचारों की जानकारी दी जाएगी।
लाल परेड ग्राउंड में उन्नत कृषि यंत्रों, सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों और समन्वित फसल प्रणाली का सजीव प्रदर्शन भी होगा। पशुपालन विभाग उन्नत नस्ल के पशुओं को प्रदर्शित करेगा, जबकि उद्यानिकी विभाग के स्टॉल पर फल, फूल, सब्जियों की विभिन्न किस्मों और जीआई टैग वाले उत्पादों की झलक मिलेगी।
2 और 3 नवंबर को किसानों के लिए प्रशिक्षण और संगोष्ठी
2 और 3 नवंबर को कृषक भ्रमण, प्रशिक्षण और संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न विभागों के मास्टर ट्रेनर और वैज्ञानिक किसानों को प्रशिक्षण देंगे। संगोष्ठियों में कृषि विकास, आधुनिक कृषि यंत्रीकरण, नरवाई प्रबंधन, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि में सहकारिता और बैंकों की भूमिका, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन तथा मत्स्यपालन के जरिए किसानों की आय बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
प्रदर्शनी परिसर में किसान बाजार और महिला उद्यमिता मंडप भी बनाया जाएगा। यहां प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और महिला उद्यमियों के उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
किसान क्विज के 165 विजेताओं को मिलेंगे पुरस्कार
किसान वर्ष 2026 के तहत वीर भारत न्यास के सहयोग से 29 जनवरी से 15 मार्च तक प्रदेश स्तरीय ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें करीब 40 हजार किसानों ने भाग लिया। मेरिट सूची के आधार पर लॉटरी से प्रदेश के 55 जिलों के 165 विजेताओं का चयन किया गया है।
प्रत्येक जिले से तीन विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 55 ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 55 बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार के रूप में 55 ई-स्कूटर प्रदान किए जाएंगे। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विजेताओं को सम्मानित करेंगे, जबकि अन्य जिलों में प्रभारी मंत्री पुरस्कार वितरित करेंगे।
किसान वर्ष में गांव-गांव तक पहुंचाए गए कृषि कार्यक्रम
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने किसान वर्ष 2026 के दौरान प्रदेश के अलग-अलग अंचलों में किसानों से संपर्क और तकनीकी जानकारी के प्रसार के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए। बलराम कृषि महोत्सव के तहत ग्राम स्तर तक किसान रथ यात्राएं निकाली गईं। जिलों में कृषि मेले और संगोष्ठियों के जरिए किसानों से संवाद किया गया।
देशज व्यंजनों से रूबरू होंगे आगंतुक
प्रदर्शनी स्थल पर ‘स्वाद देशज व्यंजन मेला’ भी लगाया जाएगा। इसमें मध्यप्रदेश के विभिन्न अंचलों के पारंपरिक खानपान और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। श्रीअन्न से बने व्यंजन भी आकर्षण का हिस्सा होंगे।
आयोजन के जरिए कृषि समृद्धि, स्थानीय उत्पादों, महिला उद्यमिता और प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत करने की तैयारी है।