उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत अंकपात चौराहा से खाक चौक होते हुए मंगलनाथ मंदिर तक करीब 2.01 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण की योजना ने धार्मिक स्थलों के संचालकों की चिंता बढ़ा दी है। प्रस्तावित सड़क की जद में 20 से अधिक प्राचीन मंदिर, आश्रम, गुरुकुल, गोशाला और अखाड़े आ रहे हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा परियोजना का भूमि पूजन किए जाने के बाद पंडे-पुजारियों, साधु-संतों और व्यवस्थापकों ने शासन-प्रशासन से योजना पर दोबारा विचार करने की मांग उठाई है।

45-50 फीट से बढ़ाकर 100 फीट चौड़ी होगी सड़क
वर्तमान में यह मार्ग करीब 45 से 50 फीट चौड़ा है। प्रस्ताव के मुताबिक, 98.24 करोड़ रुपये की लागत से इसे बढ़ाकर 100 फीट चौड़ा किया जाना है। प्रशासन का मानना है कि सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ उज्जैन के पर्यटन विकास और शहरी विस्तार के लिहाज से भी यह सड़क महत्वपूर्ण होगी।
कुछ दिन पहले उज्जैन विकास प्राधिकरण की टीम ने मार्ग के किनारे स्थित प्रभावित होने वाले धार्मिक स्थलों पर लाल निशान लगाए थे। अधिकांश स्थानों के 6 से 8 मीटर तक प्रभावित होने की आशंका है।
उत्तरामुखी हनुमान और हांडी फोड़ भैरव मंदिर भी दायरे में
इस परियोजना से प्राचीन उत्तरामुखी हनुमान मंदिर और हांडी फोड़ भैरव मंदिर सहित कई धार्मिक स्थल प्रभावित हो सकते हैं। हांडी फोड़ भैरव मंदिर में नवरात्रि की अष्टमी पर सरकारी पूजा का समापन होता है। वहीं, अंकपात द्वार के पास लाल पत्थरों से बनाया जा रहा हनुमान मंदिर भी प्रस्तावित चौड़ीकरण की पूरी जद में आने की आशंका है।
उत्तरामुखी हनुमान मंदिर के पुजारी लक्ष्मीनारायण पाठक उर्फ सुमन गुरु ने कहा कि सिंहस्थ के लिए विकास जरूरी है और धार्मिक संस्थाएं इसमें सहयोग करती रही हैं। लेकिन विकास के नाम पर प्राचीन विरासतों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि सड़क चौड़ी करना जरूरी है तो 100 फीट के बजाय इसे 70 से 75 फीट तक चौड़ा किया जाए। उनका कहना है कि इस संबंध में शासन-प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों के सामने भी पक्ष रखा जाएगा।
ये धार्मिक स्थल हो सकते हैं प्रभावित
प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर, श्रीराम मंदिर, उत्तरामुखी हनुमान मंदिर, बांके बिहारी मंदिर, अविघ्न विनायक गणेश मंदिर, श्रीराम-हनुमान मंदिर, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर खाकी अखाड़ा, मंगलमूर्ति सिद्धि विनायक गणेश मंदिर, वीर हनुमान मंदिर, हांडी फोड़ भैरव मंदिर, बृहस्पतेश्वर महादेव मंदिर, गोपाल धाम, रविदास धाम, कैलाश बनारसी धाम, निर्मोही अखाड़ा, आमने-सामने मंदिर, हनुमान वाटिका आश्रम, गोशाला और गुरुकुल सहित अन्य स्थल शामिल हैं।
अभी केवल मार्किंग, नोटिस की प्रक्रिया बाकी
उज्जैन विकास प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री कुलदीप रघुवंशी के अनुसार, अंकपात चौराहा से मंगलनाथ मार्ग तक फिलहाल केवल मार्किंग की गई है। प्रभावित होने वाले स्थलों को लेकर नोटिस जारी करने सहित अन्य प्रक्रियाएं अभी बाकी हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों के संचालक और व्यवस्थापक आगे की कार्रवाई को लेकर शासन-प्रशासन के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।