कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ दिए गए विवादित बयान के मामले में मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह को बड़ी राहत मिलने की खबर है। राज्य के गृह विभाग ने उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की अभियोजन स्वीकृति नहीं देने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि गृह विभाग इस संबंध में तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में पेश करेगा।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर एक आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणी की थी। उनके बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा।
मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने भी टिप्पणी की थी। इसके बाद राज्य सरकार के गृह विभाग की ओर से पूरे मामले में अभियोजन की स्वीकृति को लेकर रिपोर्ट तैयार की गई।
गृह विभाग ने अभियोजन की मंजूरी नहीं देने का फैसला किया
अब गृह विभाग ने विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की स्वीकृति नहीं देने का निर्णय लिया है। विभाग की विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही सुप्रीम कोर्ट को भेजे जाने की बात सामने आई है।
अभियोजन की स्वीकृति नहीं मिलने के फैसले को मंत्री विजय शाह के लिए कानूनी मोर्चे पर राहत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, मामले में आगे की स्थिति सुप्रीम कोर्ट के समक्ष रिपोर्ट और संबंधित कानूनी प्रक्रिया के आधार पर स्पष्ट होगी।