छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में मंदिर में दान करने का झांसा देकर ज्वेलर्स से सोने के गहने ठगने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली क्षेत्र की सराफा लाइन स्थित श्री शिव ज्वेलर्स में पहुंचे दो नकाबपोश आरोपियों ने कथित तौर पर मंदिर में दान और सोने से बांधने की बात कहकर दुकानदार से करीब 8 तोला सोना ले लिया और फरार हो गए। गहनों की कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मंदिर में दान करने का दिया झांसा
जानकारी के मुताबिक, घटना कवर्धा की सराफा लाइन स्थित श्री शिव ज्वेलर्स की है। दो नकाबपोश व्यक्ति दुकान पर पहुंचे और सामने स्थित बजरंगबली मंदिर में दान करने की बात कही।
आरोप है कि दोनों ने दुकानदार को अपनी बातों में उलझाया और मंदिर में दान के नाम पर सोने के गहने निकलवा लिए। इसके बाद आरोपी करीब 8 तोला सोना लेकर वहां से फरार हो गए।
21 हजार रुपये के दान से शुरू हुआ पूरा मामला
पीड़ित ज्वेलर्स के मुताबिक, आरोपियों ने शुरुआत में 21 हजार रुपये दान के नाम पर मंदिर में ले जाने की बात कही। इसके बाद सोने से बांधने के नाम पर उससे चेन और अंगूठी निकलवा ली।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी बाद में दुकान पर आए और दान के नाम पर अन्य गहने भी निकलवा लिए। इसके बाद उन्होंने बुधवार शाम को दोबारा आने की बात कही और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, इस पूरी घटना में करीब 8 तोला सोने के गहने चले गए, जिनकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल दोनों आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।