September 13, 2026

भोपाल। राजधानी भोपाल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनुआभान टेकरी पर गुरुवार रात लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घूमने गए एक कपल को तीन बदमाशों ने चाकू की नोक पर बंधक बनाकर लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना कोहेफिजा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

बदमाश युवक का iPhone-15 और युवती की सोने की चेन व कानों के टॉप्स लूटकर फरार हो गए।

चाकू की नोक पर कपल को बनाया बंधक

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित हर्ष शर्मा, जो पेशे से पत्रकार हैं, गुरुवार रात अपनी महिला मित्र के साथ मनुआभान टेकरी घूमने गए थे। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने चाकू दिखाकर दोनों को धमकाया और उनके सामान की लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने युवक से उसका iPhone-15 और युवती से गले की सोने की चेन व कानों के टॉप्स उतरवा लिए।

विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला

लूट के दौरान युवक ने जब बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया।

वारदात के बाद तीनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम

वारदात की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस मनुआभान टेकरी और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।

पर्यटन स्थल पर कपल के साथ हुई इस वारदात ने रात के समय यहां आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए जांच जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *