उज्जैन। अभिनेत्री तमन्ना भाटिया शनिवार तड़के उज्जैन पहुंचीं। उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर में गर्भगृह के बाहर नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनकी मां भी साथ थीं।

साड़ी पहनकर भक्ति में लीन दिखीं अभिनेत्री
तमन्ना पारंपरिक साड़ी में नजर आईं। उन्होंने करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन किए। आरती के दौरान वह श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना करती दिखाई दीं। आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना कही।
दर्शन के बाद महाकाल मंदिर समिति की ओर से तमन्ना और उनके परिवार का पारंपरिक स्वागत और सम्मान किया गया।
मां को दर्शन कराने पहुंचीं उज्जैन
मीडिया से बातचीत में तमन्ना ने कहा कि सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल होना उनके लिए आनंद और सौभाग्य का अनुभव है। उन्होंने बताया कि वह अपनी मां को विशेष रूप से बाबा महाकाल के दर्शन कराने उज्जैन लेकर आई थीं। मां के साथ दर्शन करने के बाद उन्हें शांति और खुशी मिली।
कम उम्र में शुरू किया अभिनय का सफर
तमन्ना भाटिया ने कम उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने 13 साल की उम्र में अभिनय सीखना शुरू किया और पृथ्वी थिएटर से भी जुड़ी रहीं। उनके फिल्मी करियर की शुरुआत 2005 में हिंदी फिल्म ‘चाँद सा रोशन चेहरा’ से हुई। इसके बाद उन्होंने दक्षिण भारतीय और हिंदी फिल्मों में काम कर अपनी पहचान बनाई।