भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल के बीच कांते सयन्ना ने भी नामांकन फॉर्म लिया है। देश के कई राज्यों में अलग-अलग चुनाव लड़ चुके सयन्ना इससे पहले उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में भी अपनी उम्मीदवारी दर्ज करा चुके हैं।

‘मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों के लिए जागरूकता फैला रहा हूं’
लल्लूराम डॉट कॉम और एमपीसी’न्यूज़ 24 से बातचीत में सयन्ना ने कहा कि देश के हालात ठीक नहीं हैं। उनका दावा है कि वे किसी राजनीतिक दल के भरोसे चुनाव नहीं लड़ते, बल्कि अपनी जेब से खर्च कर जमानत राशि जमा करते हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों के प्रति जागरूक करना ही उनका उद्देश्य है।
लोगों के मजाक उड़ाने और तंज कसने के सवाल पर सयन्ना ने कहा, “लोग मजाक उड़ाते हैं, बहुत कुछ बोलते हैं, लेकिन मेरा काम सिर्फ अपना काम करना है। मुझे परिणाम की कोई चिंता नहीं है।”
10 विधायकों के प्रस्तावक जुटाने की कोशिश
राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के नामांकन के लिए कम से कम 10 विधायकों के प्रस्तावक होने की जरूरत होती है। सयन्ना ने कहा कि वे इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दिन जनता उनकी बात समझेगी और लोकतंत्र राजनीतिक दलों के चंगुल से बाहर निकलेगा।
सयन्ना के मुताबिक, वे अब तक देश के 10 से अधिक राज्यों में 50 से ज्यादा चुनाव लड़ चुके हैं। मध्य प्रदेश के राज्यसभा उपचुनाव में फॉर्म लेने के बाद उनकी उम्मीदवारी चर्चा में है।