बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के खपरगंज विवाद और पत्थरबाजी मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दूसरे पक्ष के प्रमुख आरोपी रामसिंह ठाकुर को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने दोस्त के घर छिपा हुआ था।

पन्ना में दोस्त के घर से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस जांच के दौरान रामसिंह ठाकुर के मध्यप्रदेश में होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने पन्ना जिले में दबिश दी और ग्राम माकरी कुठार स्थित उसके दोस्त के घर से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पत्थरबाजी की घटना में रामसिंह ठाकुर की भूमिका और मामले में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में जांच जारी है।
दोनों पक्षों के प्रमुख आरोपी गिरफ्तार
खपरगंज विवाद और पत्थरबाजी मामले में रामसिंह ठाकुर को दूसरे पक्ष का प्रमुख आरोपी बताया जा रहा है। इससे पहले पुलिस ने दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी सोहेल खान को गिरफ्तार किया था। अब रामसिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के प्रमुख आरोपियों पर कार्रवाई की है।
28 अगस्त की रात हुआ था विवाद
बता दें कि 28 अगस्त की रात रक्षाबंधन के दौरान दो लोगों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो गुटों के बीच टकराव और पथराव में बदल गया था। घटना के दौरान कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने ड्रोन कैमरों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटना में शामिल संदिग्धों की पहचान शुरू की।
अब तक 30 आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, रामसिंह ठाकुर की गिरफ्तारी से पहले इस मामले में दोनों पक्षों से कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब रामसिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 30 हो गई है।
पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के साथ घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।