भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पेट्रोल पंपों पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने बड़े स्तर पर जांच अभियान शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए 8 एसडीएम और 8 तहसीलदारों के नेतृत्व में विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं। शहर के करीब 200 पेट्रोल पंप जांच के दायरे में होंगे।
जांच के दौरान टीमें घटतौली, ईंधन में मिलावट, उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाएं, हवा भरने की मशीन की स्थिति, बिक्री रिकॉर्ड और तेल कंपनियों द्वारा तय मानकों के अनुरूप बिक्री की जांच करेंगी।

जिला प्रशासन ने सभी टीमों को 7 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपने के निर्देश दिए हैं। यदि जांच में किसी पेट्रोल पंप पर अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।