दतिया: मध्य प्रदेश की हाई-प्रोफाइल दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार सोमवार, 28 जुलाई शाम 5 बजे थम जाएगा। इसके बाद लाउडस्पीकर बंद हो जाएंगे और बाहरी नेताओं को विधानसभा क्षेत्र छोड़ना होगा। 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी।
दतिया में मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच माना जा रहा है, जबकि बसपा और निर्दलीय उम्मीदवार दामोदार यादव की मौजूदगी से चुनाव त्रिकोणीय हो गया है।

प्रचार के अंतिम चरण में भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, जगदीश देवड़ा, प्रहलाद पटेल, हेमंत खंडेलवाल और डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने जनसभाएं और रोड शो किए। वहीं कांग्रेस की ओर से जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, दिग्विजय सिंह, जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह और सचिन यादव ने जनसंपर्क अभियान चलाया।
प्रचार के आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया। भाजपा ने विकास और जनकल्याण के मुद्दे पर जनता का समर्थन मिलने की बात कही, जबकि कांग्रेस ने बदलाव और बेहतर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मतदाताओं का समर्थन मिलने का दावा किया। अब सभी की नजर 30 जुलाई के मतदान और 3 अगस्त को आने वाले नतीजों पर है।