रायपुर। राजधानी के VIP रोड स्थित EDO क्लब में देर रात पार्टी के दौरान जमकर हंगामा हो गया। DJ कॉम्पिटिशन के दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। क्लब के अंदर दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामले की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
DJ कॉम्पिटिशन के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, EDO क्लब में आयोजित पार्टी में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इनमें कई नाबालिग भी शामिल थे। पार्टी का आयोजन भिलाई निवासी सत्यम शर्मा और रायपुर निवासी लक्की बजाज की ओर से किए जाने की जानकारी सामने आई है।
DJ कॉम्पिटिशन के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और क्लब के अंदर मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के दौरान हुई मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में क्लब परिसर में कुछ लोगों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों की पहचान और विवाद शुरू होने की वास्तविक वजह की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
तेलीबांधा पुलिस के मुताबिक, देर रात कैफे/क्लब में मारपीट की सूचना मिली थी। इवेंट के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।