November 4, 2026

इंदौर। शिलांग में हुई ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी की हत्या का मामला अभी चर्चा में है। इसी बीच राजा के करीबी दोस्त अर्पित चौहान (34) की आत्महत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अर्पित ने जन्मदिन मनाने के दो दिन बाद अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। परिवार ने आत्महत्या के कारणों को लेकर संशय जताया है। मामले में अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक अर्पित चौहान, पिता राजू चौहान, अरिहंत नगर का निवासी था। राजा रघुवंशी का ट्रांसपोर्ट का कारोबार था और उसकी कई चार पहिया गाड़ियां शहर के ढक्कनवाला कुआं स्थित एलन करियर इंस्टीट्यूट में अटैच थीं। राजा की मौत के बाद से अर्पित ही ट्रांसपोर्ट से जुड़ा काम संभाल रहा था।

30 सितंबर को मनाया था जन्मदिन

अर्पित के परिवार में पत्नी और तीन साल की बेटी है। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई अभिषेक चौहान भी उसके साथ ट्रांसपोर्ट का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, अर्पित ने 30 सितंबर को अपना जन्मदिन मनाया था। शुक्रवार सुबह 10:49 बजे उसने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस पोस्ट किया, जिसमें लिखा था, “नियंत्रण बहुत जरूरी है, अगर आमदनी कम हो तो खर्चों पर और जानकारी कम तो शब्दों पर।”

इसके करीब 11 बजे उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। हालांकि, उसके इस कदम के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सुसाइड नोट नहीं मिला, परिवार से पूछताछ करेगी पुलिस

अन्नपूर्णा थाना पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाएगी।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही अर्पित की मौत से जुड़े कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *