भोपाल: नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने विभागीय खरीदी और निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही है। एक वीडियो वायरल होने के बाद मंत्री ने वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

विभागीय खरीदी और निर्माण कार्यों की होगी जांच
राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि विभाग के अंतर्गत होने वाली हर खरीदी और निर्माण कार्य की निगरानी की जाती है। इन कार्यों की विभागीय स्तर पर जांच भी होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में सामने आए तथ्यों के आधार पर उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी की जिम्मेदारी सामने आती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
GeM पोर्टल पर कीमतों में अंतर की भी होगी पड़ताल
मंत्री ने कहा कि सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से होने वाली खरीद में किसी भी तरह की अनियमितता की शिकायत या संकेत मिलने पर जांच कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि पोर्टल को समय-समय पर अपग्रेड किया जाता है, ताकि अनियमितताओं के कारणों और उनके तरीकों का पता लगाया जा सके। यदि किसी उत्पाद की कीमत में असामान्य अंतर सामने आता है, तो उसकी भी पड़ताल होगी।