September 16, 2026

महासमुंद। शहर के इमलीभाठा वार्ड में रविवार दोपहर टीवी-फ्रिज रिपेयरिंग की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। दुकान से उठते काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में टीवी, फ्रिज और रिपेयरिंग से जुड़ा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

डीके फ्रिज-टीवी सेंटर में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, डीके फ्रिज-टीवी सेंटर में रविवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग लगी। दुकान संचालक धनेश निषाद बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे।

प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

टीवी-फ्रिज समेत लाखों का सामान जला

आग तेजी से फैलने के कारण दुकान में रखा टीवी, फ्रिज और रिपेयरिंग से संबंधित अन्य सामान इसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते सामान धू-धूकर जलने लगा। आग की लपटें और घना धुआं देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आगजनी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन किया जा रहा है।

फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

दुकान रिहायशी इलाके में होने के कारण आग आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने का खतरा बना हुआ था। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद और स्थानीय नागरिकों ने टैंकर के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया।

इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। आग को नियंत्रित करने के बाद अब नुकसान और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *