September 16, 2026

कोरबा। प्रदेश की ऊर्जाधानी कोरबा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। करतला थाना क्षेत्र के नोन्दरहा बरकोंना गांव में शराब के नशे में एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। युवक को टॉवर पर चढ़ा देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। करीब सात घंटे तक चले मान-मनौव्वल और समझाइश के बाद युवक को सकुशल नीचे उतारा जा सका।

नशे में टॉवर पर चढ़ा दो बच्चों का पिता

जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान देव सिंह राठिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर वह कभी ऊपर तो कभी नीचे जाता रहा।

इधर नीचे उसकी पत्नी, बच्चे और गांव के लोग उसे लगातार नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन युवक काफी देर तक टॉवर से नीचे आने को तैयार नहीं हुआ।

मौके पर जुटी सैकड़ों लोगों की भीड़

घटना की जानकारी तेजी से गांव में फैल गई। युवक को देखने और उसे नीचे उतारने की कोशिश में मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही तहसीलदार को भी बुलाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया।

सात घंटे बाद सकुशल नीचे उतरा युवक

करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद आखिरकार युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। उसके सकुशल नीचे आने के बाद परिजनों, ग्रामीणों और पुलिस ने राहत की सांस ली।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को हाईटेंशन टॉवर पर चढ़े हुए देखा जा सकता है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *