छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में है। कबीरधाम जिले के लोहारा में एसडीएम कार्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से ही भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व संबंधी कामों के लिए किसानों से पैसे मांगने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ी में कहा, “एको दिन गड़बड़ पकड़ाही ता मुरकुटा जाबे।” उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

धान खरीदी से जुड़े मामले में पटवारी निलंबित
दरअसल, लोहारा में धान खरीदी से जुड़े एक मामले में किसानों ने शिकायत की थी। शिकायत सामने आने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों से सीधे बातचीत की। इसके बाद संबंधित पटवारी के निलंबन की कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों के बीच भी मामला चर्चा का विषय बन गया।
पटवारी संघ के सवाल पर डिप्टी CM का दो टूक जवाब
पटवारी के निलंबन के बाद पटवारी संघ ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर कार्रवाई पर सवाल उठाए। इस पर विजय शर्मा ने स्पष्ट कहा कि यदि पटवारी अपना काम नहीं करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई जरूरी है।
उन्होंने भ्रष्टाचार और काम के बदले पैसे मांगने के मामलों में सख्ती बरतने का संदेश दिया।
किसानों से बोले- रिश्वत मांगे तो सीधे फोन करें
उप मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि उन्हें किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी को काम कराने के लिए चुपचाप पैसे देने की जरूरत नहीं है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी जानकारी सीधे उन्हें फोन करके दें।
विजय शर्मा की इस चेतावनी का उद्देश्य किसानों को राजस्व संबंधी कामों में कथित रिश्वतखोरी के खिलाफ शिकायत करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
बयान का वीडियो वायरल, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई को लेकर चर्चा
लोहारा में दिए गए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ संदेश दिया है कि किसानों से काम के बदले पैसे मांगने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।
अब इस चेतावनी के बाद राजस्व विभाग में कामकाज और रिश्वतखोरी से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई किस तरह आगे बढ़ती है, इस पर नजर रहेगी।