November 6, 2026

कवर्धा। तेज बारिश के बीच शुक्रवार देर रात डिप्टी CM विजय शर्मा कबीरधाम जिले के चंदनपुर पहुंचे और ग्रामीणों को गांव के नाम परिवर्तन का राजपत्र सौंपा। लंबे समय से नाम बदलने की मांग कर रहे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उन्होंने नए नाम की बधाई दी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण डिप्टी CM के स्वागत के लिए मौजूद रहे।

कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर ‘चंदनपुर’ कर दिया गया है। नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और डिप्टी CM विजय शर्मा का आत्मीय स्वागत किया।

सीसी रोड और सामुदायिक भवन के लिए 11.70 लाख की घोषणा

गांव का नाम बदलने की खुशी के बीच डिप्टी CM विजय शर्मा ने ग्रामीणों के लिए विकास कार्यों की घोषणा भी की। उन्होंने सीसी रोड और सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 11.70 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों में गांव का नया नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इससे ग्रामीणों को नाम परिवर्तन के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ग्राम चंदनपुर के नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया गया है। इसके बाद गांव का नया नाम सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टलों पर दर्ज रहेगा।

राजपत्र में प्रकाशन के बाद सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नया नाम

डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामवासियों की ओर से लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग की जा रही थी। स्थानीय लोगों की भावना और मांग को ध्यान में रखते हुए नाम परिवर्तन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया।

उन्होंने बताया कि प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा के बाद राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त हुई और इसके बाद राजपत्र में नाम परिवर्तन का प्रकाशन किया गया।

ग्रामीणों से बोलचाल में भी ‘चंदनपुर’ नाम अपनाने की अपील

डिप्टी CM ने ग्रामीणों से अपील की कि राजपत्र में प्रकाशन के बाद अब सरकारी दस्तावेजों और शासकीय वेब पोर्टलों पर गांव का नाम चंदनपुर दर्ज रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी दैनिक व्यवहार और बोलचाल में इसी नाम का इस्तेमाल करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां भी गांव को ‘चंदनपुर’ के नाम से जानें और इसकी नई पहचान आगे कायम रहे।

स्थानीय इतिहास और भावनाओं से जुड़ी होती है गांव की पहचान

विजय शर्मा ने कहा कि किसी गांव का नाम केवल उसकी भौगोलिक पहचान नहीं होता, बल्कि उसके साथ स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और लोगों की भावनाएं भी जुड़ी होती हैं।

उन्होंने कहा कि चंदनपुर नाम से गांव को नई पहचान मिलना ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही भावना और मांग के सम्मान का प्रतीक है। नाम परिवर्तन से स्थानीय पहचान को मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों की भावनाओं को भी सम्मान मिला है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *