मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा अचानक स्थगित हो गया है। वे भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर रायपुर आने वाले थे। हालांकि, ऐन वक्त पर कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय ने आधिकारिक पत्र जारी कर राज्य सरकार के शिष्टाचार विभाग को इसकी सूचना दी है। पत्र में दौरा टलने के पीछे “अपरिहार्य कारणों” का हवाला दिया गया है।

CEO कार्यालय ने जारी किया आधिकारिक पत्र
रायपुर स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने दौरा स्थगित होने की जानकारी राज्य सरकार के शिष्टाचार विभाग को भेज दी है। हालांकि, पत्र में कार्यक्रम स्थगित करने के कारणों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है।
निर्वाचन आयोग के इस दौरे को लेकर राज्य में प्रशासनिक तैयारियां की जा रही थीं। कार्यक्रम के तहत मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ आयोग के कई वरिष्ठ अधिकारियों के भी रायपुर पहुंचने की योजना थी।
राज्य अतिथि घोषित किए गए थे ज्ञानेश कुमार
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के दौरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने ज्ञानेश कुमार को ‘राज्य अतिथि’ (State Guest) का दर्जा दिया था। इसके तहत उनके ठहरने, सुरक्षा और परिवहन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक प्रोटोकॉल लागू किए गए थे।
मंगलवार को ही राज्य के शिष्टाचार अधिकारी ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए थे। लेकिन कुछ ही घंटों बाद दौरा स्थगित होने की सूचना जारी कर दी गई।
नई तारीख का अभी नहीं हुआ ऐलान
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के छत्तीसगढ़ दौरे की नई तारीख अभी तय नहीं हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली से संशोधित कार्यक्रम मिलने के बाद ही आगे की जानकारी दी जाएगी।
देशभर में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोपों और विपक्षी दलों के विरोध के बीच यह दौरा स्थगित हुआ है। हालांकि, निर्वाचन कार्यालय के पत्र में दौरा रद्द होने और इन राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच किसी संबंध का उल्लेख नहीं किया गया है।