छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में शराब दुकान बंद होने के बाद भी जबरन शराब लेने पहुंचे एक हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने धरमपुरा स्थित शराब दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शराब देने का दबाव बनाया। कर्मचारियों के इनकार करने पर उसने मैनेजर और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।

रात 10 बजे शराब दुकान में घुसने का आरोप
घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दुकान बंद होने के बाद आरोपी वहां पहुंचा और जबरन शराब लेने की कोशिश की। शराब देने से मना करने पर उसने कथित तौर पर दुकान का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुसकर कर्मचारियों के साथ विवाद किया।
शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी राजा ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी: बस्तर पुलिस
बस्तर पुलिस का कहना है कि जिले में असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी।