शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध तरीके से मरीजों का इलाज किए जाने की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई की है। बुढ़ार में एक क्लीनिक पर छापेमारी के दौरान पंजीयन और इलाज के तरीके को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आने का दावा किया गया है। कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉ. बड़गैय्या क्लीनिक को सील कर दिया।

होम्योपैथिक पंजीयन, एलोपैथिक इलाज का आरोप
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, क्लीनिक का पंजीयन होम्योपैथिक चिकित्सा के लिए था। इसके बावजूद यहां मरीजों को भर्ती कर एलोपैथिक पद्धति से इलाज किए जाने का आरोप है।
जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक से संबंधित दस्तावेजों और पंजीयन की जानकारी की जांच की। विभाग का दावा है कि क्लीनिक में निर्धारित पंजीयन के विपरीत मरीजों का इलाज किया जा रहा था।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक किया सील
अनियमितताएं सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना उचित पंजीयन या नियमों के विपरीत चिकित्सा गतिविधियां संचालित करने वाले क्लीनिक संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आगे की जांच और दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।