November 6, 2026

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में खड्डी खुर्द से बगैहा टोला तक करीब 5 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब राजनीतिक समर्थन हासिल करता नजर आ रहा है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर लीला साहू ग्रामीणों के साथ करीब दो सप्ताह से धरने पर बैठी हैं। बारिश, कीचड़ और बदहाल रास्ते के बीच जारी इस आंदोलन को अब आम आदमी पार्टी ने भी समर्थन दिया है।

AAP नेताओं ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा।

धरना स्थल पहुंचे AAP नेता

खड्डी से बगैहा टोला तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार जारी है। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर चल रहे इस धरने में बारिश के बावजूद ग्रामीण और लीला साहू डटी हुई हैं।

बीते दिनों सिंगरौली की महापौर रानी अग्रवाल समेत आम आदमी पार्टी के कई नेता धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलन कर रहे ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी मांग को समर्थन दिया।

एक सप्ताह में काम शुरू नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट के सामने धरना

AAP नेताओं ने लीला साहू और ग्रामीणों को समर्थन देते हुए कहा कि सड़क की मांग को प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव आनंद मंगल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ, तो पार्टी कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने धरने पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि यह धरना बिना पंडाल के किया जाएगा।

AAP नेताओं ने इस दौरान सड़क निर्माण को लेकर भाजपा और कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए और उनसे ग्रामीणों की मांग पर हस्तक्षेप करने की मांग की।

बारिश और कीचड़ के बीच जारी है आंदोलन

ग्रामीणों का कहना है कि खड्डी खुर्द से बगैहा टोला तक सड़क नहीं होने के कारण उन्हें बारिश के मौसम में आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बदहाल रास्ते और कीचड़ के कारण आवागमन प्रभावित होता है।

फिलहाल ग्रामीणों और लीला साहू का धरना जारी है। AAP की ओर से दिए गए एक सप्ताह के अल्टीमेटम के बाद अब प्रशासन की ओर से सड़क निर्माण को लेकर क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर बनी हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *