नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में सड़क हादसे के बाद राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपना काफिला रुकवा दिया। उन्होंने सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े घायल युवक को अपनी पुलिस फॉलो गाड़ी से अस्पताल भिजवाया और उसके उपचार की व्यवस्था कराई।

NH-45 पर बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, NH-45 पर सरसला गांव के पास एक बाइक सवार युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई। दुर्घटना के बाद घायल युवक काफी देर तक सड़क पर ही पड़ा रहा। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल डायल-100 को दी।
घायल को देखकर रुकवाया काफिला
इसी दौरान राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा का काफिला वहां से गुजर रहा था। सड़क किनारे घायल युवक को देखकर सांसद ने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और उसकी मदद के लिए आगे आए।
उन्होंने अपनी पुलिस फॉलो गाड़ी से घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। फॉलो गाड़ी घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए रोसरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची।
घायल की पहचान सुरेंद्र ठाकुर के रूप में
हादसे में घायल युवक की पहचान 35 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर, निवासी रामखिरिया के रूप में बताई गई है। युवक के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसे तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी।
सांसद के काफिला रुकवाकर घायल को अस्पताल पहुंचाने की पहल के बाद उसे समय पर प्राथमिक उपचार मिल सका। घटना ने एक बार फिर सड़क हादसों के दौरान गोल्डन ऑवर में तत्काल मदद और उपचार की अहमियत को सामने ला दिया है।