जबलपुर। सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को छह साल बाद भी मुआवजा नहीं मिलने पर जिला अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत के आदेश पर कलेक्ट्रेट की चल-अचल संपत्ति कुर्क करने के लिए अमला मौके पर पहुंचा। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई।

2019 में एसडीएम की गाड़ी से हुआ था हादसा
मामला 10 सितंबर 2019 का है। जानकारी के मुताबिक, जबलपुर में एसडीएम की गाड़ी की चपेट में आने से नवाब खान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी नूर जहां ने मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 166 के तहत न्यायाधिकरण में याचिका दायर की थी।
मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने पीड़ित परिवार को 29.30 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था।
नोटिस के बाद भी नहीं हुआ भुगतान
अदालत के आदेश के बावजूद परिवार को मुआवजे की राशि नहीं मिली। बताया गया है कि जिला अदालत ने भुगतान के लिए प्रशासन को कई बार नोटिस जारी किए, लेकिन राशि अदा नहीं की गई।
इसके बाद 25 फरवरी 2025 को कोर्ट ने कुर्की का आदेश जारी किया था। बार-बार निर्देश देने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर अब अदालत का अमला कुर्की वारंट लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा और संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की।