रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 29 सितंबर को सुबह 11 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026 में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेशभर से पहुंचे युवा नवोन्मेषी विद्यार्थियों और स्टार्टअप उद्यमियों से संवाद करेंगे।
कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना और उनके विचारों को रोजगार सृजन से जोड़ना है।
स्टार्टअप्स के नवाचार और उत्पादों का प्रदर्शन
यूथ कॉन्क्लेव में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े स्टार्टअप्स अपने नवाचार, उत्पाद और तकनीक प्रदर्शित कर रहे हैं। कार्यक्रम के जरिए युवाओं को अपने आइडिया को व्यावसायिक रूप देने और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ने का अवसर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय इस दौरान युवा नवोन्मेषकों और उद्यमियों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं को जानेंगे।
सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का करेंगे अवलोकन
मुख्यमंत्री साय विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी अवलोकन करेंगे।
इस केंद्र का उद्देश्य नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप्स को तकनीकी सुविधाएं, मार्गदर्शन और इन्क्यूबेशन सहयोग उपलब्ध कराना है। बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नए प्रयोग और तकनीकी समाधान विकसित करने वाले युवाओं के लिए यह केंद्र महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम करेगा।
‘विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता’ पर जोर
कॉन्क्लेव के माध्यम से युवाओं को “विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता” की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यक्रम में इस बात पर जोर है कि युवाओं के नए विचारों को केवल प्रयोग तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें उत्पाद, सेवा और रोजगार के अवसरों में बदला जाए।
बस्तर और सरगुजा के नवाचारों को स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ने की पहल
यूथ कॉन्क्लेव में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से सामने आ रहे नवाचारों को स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों के युवाओं के नवाचारों को मंच देने के साथ उन्हें तकनीकी और उद्यमिता संबंधी सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर फोकस
कार्यक्रम का व्यापक उद्देश्य युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजन के अवसरों से जोड़ना है। इसके जरिए युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय अपने विचारों और नवाचारों के आधार पर नए उद्यम खड़े करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय की मौजूदगी में होने वाले संवाद और स्टार्टअप प्रदर्शन से प्रदेश के युवा उद्यमियों को सरकार की योजनाओं, तकनीकी सहयोग और संभावित अवसरों की जानकारी मिलने की उम्मीद है।