बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के विजयनगर हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाई के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब 10 बच्चे घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रामानुजगंज ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्मार्ट क्लास में घुसा मधुमक्खियों का झुंड
जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब बच्चे स्कूल की स्मार्ट क्लास में पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड क्लासरूम में घुस गया और बच्चों को काटने लगा। हमले से कई बच्चे घायल हो गए और स्कूल में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और अन्य लोगों की मदद से घायल बच्चों को तत्काल सिविल अस्पताल रामानुजगंज पहुंचाया गया, जहां उन्हें चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।
दो बच्चों की हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि घायल बच्चों में से दो की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, बच्चों की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
मौके पर पहुंचे शिक्षा विभाग के अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। स्कूल में मधुमक्खियों का झुंड अचानक कैसे पहुंचा, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग की ओर से बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।