September 14, 2026

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में इन दिनों हाथियों की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। थोड़गी गांव में हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाते हुए तीन मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद तीन परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है, वहीं पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

हाथियों ने घरों के साथ फसलों को भी पहुंचाया नुकसान

पूरा मामला पार्क परिक्षेत्र जनकपुर क्षेत्र का बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। इसी दौरान हाथियों का दल थोड़गी गांव पहुंचा और तीन मकानों को नुकसान पहुंचाया।

हाथियों के हमले से घरों में रखा सामान भी प्रभावित हुआ है। इसके अलावा हाथियों ने क्षेत्र के कई किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। लगातार हो रहे नुकसान से ग्रामीणों में वन्यजीवों को लेकर भय बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा की मांग की

हाथियों के उत्पात के बाद तीन परिवार बेघर हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग हाथियों से सुरक्षा दिलाने में नाकाम साबित हो रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों के दल को गांव से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि जान-माल और फसलों को आगे नुकसान से बचाया जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *