November 6, 2026

MP कांग्रेस की PAC बैठक 11 अगस्त को, ‘स्लीपर सेल’ पर शिकंजा कसने की तैयारी; BJP ने साधा निशाना

कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल, संगठन की मजबूती पर होगा मंथन

मध्यप्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की अहम बैठक 11 अगस्त को होने जा रही है। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और ओंकार सिंह मरकाम समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों की रणनीति और पार्टी के भीतर सक्रिय बताए जा रहे ‘स्लीपर सेल’ यानी कथित भितरघातियों पर कार्रवाई को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

‘फूल छाप कांग्रेसियों’ पर कार्रवाई की तैयारी

बैठक से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने संगठन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दतिया उपचुनाव में जीत के बाद कांग्रेस में संगठन सृजन का काम तेजी से चल रहा है।

पीसी शर्मा के मुताबिक, पार्टी के पास ऐसे कथित ‘स्लीपर सेल’ की सूची है, जो चुनाव के दौरान कांग्रेस को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने दावा किया कि दतिया चुनाव के दौरान ऐसे लोगों पर कार्रवाई की गई थी, जिसका पार्टी को फायदा मिला।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन में ऐसे लोगों पर कार्रवाई जरूरी है, जिन्हें कांग्रेस नेता ‘फूल छाप कांग्रेसी’ कह रहे हैं।

पीसी शर्मा ने बताया कि 11 अगस्त की बैठक में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ भाजपा सरकार की कथित नाकामियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।

BJP का पलटवार- ‘गुटबाजी का केंद्र बन चुकी है PAC’

कांग्रेस की रणनीति पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस की PAC बैठक को लेकर निशाना साधते हुए इसे गुटबाजी का केंद्र बताया।

आशीष अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में एक गुट दूसरे गुट के नेताओं को कमजोर करने के लिए उन्हें ‘स्लीपर सेल’ बताता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को खुद ही स्पष्ट नहीं है कि उसके संगठन में वास्तविक ‘स्लीपर सेल’ कौन हैं, क्योंकि पार्टी के नेता एक-दूसरे पर ही ऐसे आरोप लगाते रहते हैं।

अब 11 अगस्त की PAC बैठक में कांग्रेस संगठन को लेकर क्या फैसले होते हैं और कथित ‘स्लीपर सेल’ पर कार्रवाई को लेकर पार्टी क्या रणनीति अपनाती है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *