गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले की ग्राम पंचायत नरौर की रहने वाली एक मां अपने 13 वर्षीय बेटे की मौत के बाद मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए भटक रही है। विद्युत दुर्घटना में बेटे की जान जाने के करीब 20 महीने बाद भी मुआवजा नहीं मिलने से परेशान मां यूनम ओट्टी ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

यूनम ओट्टी के मुताबिक, उनके बेटे संतोष कुमार की 5 जनवरी 2025 को खेलते समय 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। हादसे में बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
20 महीने बाद भी नहीं मिली सहायता राशि
मृतक की मां का आरोप है कि घटना के बाद संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन को सूचना देने के साथ जरूरी दस्तावेज भी जमा कराए गए थे। इसके बावजूद अब तक शासन की ओर से मिलने वाली सहायता राशि परिवार को नहीं मिली है।
यूनम ओट्टी का कहना है कि वह कई बार बिजली विभाग के कार्यालय के चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें उच्च कार्यालय से आदेश आने का इंतजार करने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। उन्हें मुआवजे की प्रक्रिया और भुगतान की समयसीमा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है।
परेशान होकर उन्होंने कलेक्टर कार्यालय में लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन के साथ बेटे का मृत्यु प्रमाण पत्र, उसका आधार कार्ड और अपना आधार कार्ड भी संलग्न किया है। परिवार ने जिला प्रशासन से जल्द आर्थिक सहायता दिलाने और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विद्युत विभाग ने कहा- उच्च कार्यालय से स्वीकृति का इंतजार
मामले में विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री (EE) ने बताया कि मुआवजे से संबंधित प्रकरण तैयार कर फाइल उच्च कार्यालय भेज दी गई है। उनके अनुसार, स्थानीय स्तर पर जरूरी प्रक्रिया पूरी कर दस्तावेज आगे भेजे जा चुके हैं।
कार्यपालन यंत्री ने कहा कि अब उच्च कार्यालय से प्रशासकीय स्वीकृति और बजट मिलने का इंतजार है। स्वीकृति और राशि प्राप्त होते ही पीड़ित परिवार को भुगतान की कार्रवाई की जाएगी।