जगदलपुर। बस्तर में बाढ़ और चक्रवाती तूफान से परेशान किसानों की मुश्किलें अब सरकारी खाद वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर बढ़ गई हैं। बकावंड ब्लॉक के कचनार लैम्स में किसानों ने प्रबंधक पर खाद की कालाबाजारी और फर्जी हस्ताक्षर कर कर्ज चढ़ाने के आरोप लगाए हैं। किसानों का दावा है कि एक किसान के नाम पर 11 हजार 359 रुपये की खाद खरीदी दर्ज कर दी गई, जबकि उसे खाद मिला ही नहीं। मामला सामने आने के बाद राशि किसान के खाते में वापस जमा करा दी गई है। इसके बावजूद किसान जिम्मेदारों पर कार्रवाई और प्रबंधक को हटाने की मांग पर अड़े हैं।

खाद के लिए चक्कर लगाते रहे किसान, खाते में दर्ज मिली खरीदी
किसानों के मुताबिक, वे कई महीनों तक सरकारी खाद लेने के लिए कचनार लैम्स के चक्कर लगाते रहे। हर बार स्टॉक खत्म होने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया गया। खेती का समय निकलता देख किसानों ने मजबूरी में बाजार से महंगे दामों पर यूरिया, डीएपी और पोटाश खरीदा।
बाद में एक किसान ने बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो उसके नाम पर लैम्स से 11 हजार 359 रुपये की खाद खरीदी दर्ज मिली। किसान का आरोप है कि सरकारी रसीद पर उसके फर्जी हस्ताक्षर भी किए गए। उसने इसे उसके हिस्से की खाद की कथित कालाबाजारी बताते हुए बस्तर थाने में शिकायत की है और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
राशि लौटाई, लेकिन कार्रवाई की मांग पर अड़े किसान
मामला सामने आने के बाद लैम्स प्रबंधन ने किसान के लोन खाते में 11 हजार 359 रुपये वापस जमा करा दिए। हालांकि किसानों का कहना है कि यह गड़बड़ी केवल एक किसान तक सीमित नहीं है। कचनार और आसपास के कई किसानों ने खाद वितरण में अनियमितताओं की शिकायत की है।
कुछ किसानों का आरोप है कि खाद खरीदने के महीनों बाद भी उन्हें पावती नहीं मिली, जबकि कुछ ने पिछले साल धान बेचने के बाद भुगतान नहीं मिलने की बात कही है।
पहले भी प्रबंधक के खिलाफ शिकायत का दावा
किसानों का कहना है कि पिछले धान खरीदी सीजन में भी लैम्स प्रबंधक ललिता राव के खिलाफ आर्थिक अनियमितताओं की शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई थी। उनके मुताबिक, बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसी नाराजगी के चलते किसान अब एकजुट होकर प्रबंधक को हटाने और पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
कार्रवाई नहीं हुई तो धान खरीदी केंद्र का बहिष्कार
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रबंधक ललिता राव को नहीं हटाया गया और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे इस साल कचनार धान खरीदी केंद्र में अपना धान नहीं बेचेंगे। पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने भी लैम्स के उच्च अधिकारियों, क्षेत्रीय विधायक और बस्तर कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।
इस मामले में लैम्स प्रबंधक ललिता राव का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। किसानों के आरोपों की आधिकारिक जांच और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।