September 14, 2026

रायपुर। सड़क हादसे में घायल छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के स्वास्थ्य को लेकर राहत की खबर है। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी सेहत में लगातार सुधार बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वह इसी महीने 12 या 13 सितंबर को छत्तीसगढ़ लौट सकते हैं।

दिल्ली में उपचार करा रहे किरण सिंह देव ने शुक्रवार को बस्तर जिला भाजपा कार्यसमिति की बैठक में मोबाइल के जरिए जुड़कर कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। उन्होंने करीब सात मिनट तक बैठक को संबोधित किया और संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

मोबाइल से कार्यसमिति की बैठक में जुड़े किरण सिंह देव

बैठक को संबोधित करते हुए किरण सिंह देव ने कहा कि सेवा और समर्पण से संगठन मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत परिस्थितियां कैसी भी हों, संगठन और समाजसेवा का संकल्प सर्वोपरि रहना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कर्मपथ पर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उनके बैठक में मोबाइल के जरिए जुड़ने से कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला।

29 जुलाई को सड़क हादसे में हुए थे घायल

बता दें कि 29 जुलाई को परिवार के साथ बागेश्वर धाम, छतरपुर (मध्य प्रदेश) से लौटते समय उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में यह हादसा हुआ था।

झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उनकी इनोवा आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में किरण सिंह देव गंभीर रूप से घायल हुए थे।

दिल्ली के मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज

दुर्घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए दिल्ली लाया गया, जहां मेदांता अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया। इसके बाद से उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।

अब स्वास्थ्य में लगातार सुधार को देखते हुए उनके जल्द छत्तीसगढ़ लौटने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि 12 या 13 सितंबर को वह प्रदेश वापस आ सकते हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय उनकी स्वास्थ्य स्थिति और चिकित्सकों की सलाह के आधार पर होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *