जबलपुर। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बंटी नगर में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां जालसाजों ने खुद को CBI अधिकारी बताकर एक रिटायर्ड बिजलीकर्मी और उनकी पत्नी को करीब 25 दिनों तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ रखा। इस दौरान आरोपियों ने दंपत्ति से कुल 69 लाख रुपये ठग लिए।

वीडियो कॉल पर अपराध में फंसाने की दी धमकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने बुजुर्ग दंपत्ति के अकेलेपन का फायदा उठाया। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए दंपत्ति पर किसी गंभीर अपराध में शामिल होने का झूठा आरोप लगाया और गिरफ्तारी का डर दिखाकर उन्हें अपने नियंत्रण में रखा।
ठगों की धमकी और दबाव का असर ऐसा रहा कि दंपत्ति करीब 25 दिनों तक घर से बाहर नहीं निकले। जालसाजों के चंगुल से बाहर आने के बाद पीड़ितों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
चार विशेष टीमें गठित, बैंक खाते होल्ड
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। इनमें से एक टीम को दूसरे राज्य में भी रवाना किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी से जुड़े कई बैंक खातों को होल्ड कराया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।