November 27, 2026

भोपाल। किसी अपने को खोने का दुख असहनीय होता है, लेकिन ऐसे कठिन समय में लिया गया अंगदान का फैसला किसी दूसरे परिवार को नई जिंदगी की उम्मीद दे सकता है। इसी मानवीय भावना और सेवा के भाव को सम्मान देने के उद्देश्य से संस्था ‘2030 का भारत’ 28 नवंबर को ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ का आयोजन करने जा रही है। कार्यक्रम में अंग और टिश्यू दान करने वाले परिवारों के साथ जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों तथा अंग प्रत्यारोपण से जुड़ी स्वास्थ्य टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे सम्मान

आयोजन में तीन प्रमुख श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए जाएंगे।

  • जीवनदाता परिवार सम्मान: उन परिवारों को दिया जाएगा, जिन्होंने अपने प्रियजन के निधन के बाद अंग या टिश्यू दान करने की सहमति दी और दूसरे जरूरतमंदों को जीवन का अवसर दिया।
  • जीवन प्रेरणा सम्मान: अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने, लोगों को सही जानकारी देने और समाज को इस कार्य के लिए प्रेरित करने वाले व्यक्तियों एवं परिवारों को समर्पित होगा।
  • जीवन सारथी सम्मान: अंगदान और अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में योगदान देने वाले डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को दिया जाएगा।

अंगदान पर हर घर में होनी चाहिए चर्चा: डॉ. अतुल मलिकराम

‘2030 का भारत’ के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि किसी अपने को खोने का दर्द बहुत गहरा होता है, लेकिन ऐसे समय में अपने प्रियजन के अंगदान का फैसला लेने वाले परिवार मानवता की मिसाल पेश करते हैं। उनका उद्देश्य केवल इन परिवारों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि उनके साहस और संवेदनशीलता की कहानियों को समाज तक पहुंचाना भी है।

उन्होंने कहा कि अंगदान पर हर घर में चर्चा होनी चाहिए। लोगों को इसके महत्व और प्रक्रिया की सही जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि जरूरत के समय वे जागरूकता के साथ निर्णय ले सकें। किसी व्यक्ति के जाने के बाद भी उसके अंग दूसरे के जीवन में उम्मीद जगा सकते हैं।

भ्रांतियां दूर कर जागरूकता बढ़ाने की पहल

संस्था का मानना है कि अंगदान केवल चिकित्सा से जुड़ी प्रक्रिया नहीं, बल्कि परिवार, समाज और मानवता से जुड़ा विषय है। आज भी कई लोगों के मन में अंगदान को लेकर जानकारी की कमी और विभिन्न भ्रांतियां हैं। ऐसे में जागरूकता बढ़ाना और लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है।

‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ के जरिए संस्था अंगदान करने वाले परिवारों की कहानियों को सामने लाने, समाज को प्रेरित करने और इस प्रक्रिया में स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को पहचान दिलाने का प्रयास करेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *