June 15, 2026

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रविवार देर शाम राजधानी रायपुर पहुंचे। रायपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका आत्मीय स्वागत किया। गृहमंत्री आज रायपुर में रात्रि विश्राम करेंगे, जिसके बाद सोमवार सुबह बस्तर के लिए रवाना होंगे। अपने दौरे के दौरान वे रायपुर और जगदलपुर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर गृहमंत्री अमित शाह का स्वागत किया। उन्होंने लिखा कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ शांति, सुशासन और विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि गृहमंत्री के मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बस्तर नक्सलमुक्त होकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।

अमित शाह का पूरा कार्यक्रम

तय कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर एयरपोर्ट से सीधे नवा रायपुर स्थित होटल पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। इसके बाद 18 मई की सुबह 10:30 बजे वे राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे डायल-112 सेवा में शामिल नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

दोपहर 12:20 बजे गृहमंत्री रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। जगदलपुर पहुंचने के बाद वे नेतानार में जनसुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। शाम को वे जगदलपुर में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। अमित शाह 18 मई की रात जगदलपुर में ही रुकेंगे।

19 मई को सुबह 11 बजे जगदलपुर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री शामिल होंगे। बैठक के बाद उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है।

दौरे के अंतिम दिन दोपहर करीब 3:40 बजे अमित शाह जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए रायपुर और जगदलपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन और पुलिस विभाग कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *