September 15, 2026

कोरबा। एनटीपीसी कोरबा में बिजली उत्पादन को लेकर बड़ी राहत मिली है। करीब 36 घंटे की मशक्कत के बाद ट्रिप हुई सात इकाइयों में से तीन यूनिटों को बहाल कर लिया गया है। बहाली के साथ ही इन तीनों इकाइयों से बिजली उत्पादन भी शुरू हो गया है। वहीं, शेष चार यूनिटों को ठीक करने का काम अभी जारी है।

500-500 और 200 मेगावाट की यूनिट हुई बहाल

एनटीपीसी प्लांट की तीन इकाइयों को दोपहर करीब 2 बजे तक बहाल कर लिया गया। इनमें 500 मेगावाट की दो यूनिट और 200 मेगावाट की एक यूनिट शामिल हैं। इन तीनों से कुल 1200 मेगावाट बिजली उत्पादन शुरू हो गया है।

करीब 2600 मेगावाट क्षमता वाले एनटीपीसी कोरबा प्लांट की सभी सात इकाइयों के एक साथ ट्रिप होने के बाद बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ था। तीन यूनिटों की बहाली के बाद अब उत्पादन व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य होने की ओर बढ़ रही है।

चार यूनिटों की बहाली का काम जारी

एनटीपीसी की जनसंपर्क अधिकारी उषा घोष ने तीन यूनिटों के बहाल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बाकी चार इकाइयों को भी बहाल करने का काम जारी है।

बता दें कि पावर ग्रिड कॉरपोरेशन के ब्रेकर टेस्टिंग के दौरान तकनीकी फॉल्ट आने के बाद एनटीपीसी कोरबा की सातों इकाइयां ट्रिप हो गई थीं। इसके बाद प्लांट में बिजली उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हो गया था। अब तीन इकाइयों से उत्पादन शुरू होने के बाद स्थिति में सुधार आया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *