जगदलपुर। बस्तर की आस्था, परंपरा और समृद्ध संस्कृति का प्रतीक विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा आज अपनी अंतिम रस्म के साथ संपन्न हो गया। 75 दिनों तक चले इस ऐतिहासिक पर्व के समापन पर जगदलपुर के गीदम रोड स्थित जिया डेरा मंदिर में मावली माता की डोली विदाई की रस्म विधि-विधान से निभाई गई। पूजा-अर्चना, विशाल कलश यात्रा और गाजे-बाजे के बीच माता की डोली को विदाई दी गई। इस भावुक क्षण का साक्षी बनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और नम आंखों से माता को विदा किया।

वर्ष 2006 से भव्य रूप में होने लगी डोली विदाई
परंपरा के अनुसार, बस्तर के राजा अन्नम देव के समय से ही मावली माता की डोली विदाई की रस्म निभाई जाती रही है। पहले यह रस्म बेहद सादगी से संपन्न होती थी और इसकी जानकारी भी सीमित लोगों तक ही पहुंच पाती थी।
वर्ष 2006 में तत्कालीन कमिश्नर जीएस मिश्रा ने इस परंपरा को भव्य रूप देने की पहल की। उनका मानना था कि जब मावली माता का बस्तर आगमन इतने धूमधाम से होता है, तो उनकी विदाई भी उसी भव्यता के साथ होनी चाहिए। इसके बाद से डोली विदाई को उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा आगे बढ़ती चली गई।
पूजा-अर्चना के बाद दंतेवाड़ा के लिए रवाना हुई डोली
इस वर्ष भी परंपरा का निर्वहन करते हुए बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद भजदेव, माटी पुजारी और स्थानीय लोगों ने मावली माता की पूजा-अर्चना की। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस दौरान माता की डोली को बंदूक से सलामी दी गई और विधि-विधान के साथ दंतेवाड़ा के लिए विदा किया गया।
मावली परघाव से शुरू होती है विदाई की परंपरा
बस्तर दशहरा के दौरान मावली परघाव की रस्म में मावली माता की डोली का भव्य स्वागत किया जाता है। इसके बाद डोली को मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में रखा जाता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करते हैं।
डोली विदाई की अंतिम रस्म के साथ ही बस्तर की आस्था, परंपरा और संस्कृति से जुड़ा 75 दिनों का विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व संपन्न हो गया।