November 7, 2026

ग्वालियर। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद बिलोआ कस्बे में पहाड़ों को खोदकर गिट्टी के कथित अवैध उत्खनन को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। कलेक्टर रुचिका चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर क्षेत्र में 8 चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। इन प्वाइंट्स पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी दिन-रात निगरानी कर रहे हैं।

हालांकि, कार्रवाई के बावजूद अवैध उत्खनन जारी रहने के आरोप सामने आ रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि वाहनों और उत्खनन स्थल की जांच की जा रही है।

आधी रात SDM ने की छापेमारी, 5 डंपर पकड़े

अवैध उत्खनन की शिकायत के बाद SDM नवकिरण कौर ने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पुलिस और राजस्व अमले के साथ क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान 5 डंपर पकड़े गए, जिन्हें बिलोआ थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान पहाड़ों के बीच बड़ी संख्या में L&T मशीनें और डंपर भी खनन गतिविधियों में लगे नजर आए। हालांकि, कार्रवाई में फिलहाल पांच डंपरों को ही पकड़ा जा सका।

8 चेकिंग प्वाइंट के बावजूद खनन पर सवाल

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद प्रशासन ने अवैध उत्खनन रोकने के लिए आठ अलग-अलग चेकिंग प्वाइंट बनाए हैं। यहां पुलिस और राजस्व अमले की तैनाती की गई है।

इसके बावजूद रात के समय पहाड़ों के बीच मशीनों और डंपरों के जरिए खनन किए जाने की शिकायतें सामने आने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

SDM बोलीं- सीमांकन के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

SDM नवकिरण कौर ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 5 डंपरों को अवैध उत्खनन के मामले में पकड़ा गया है और कार्रवाई अभी जारी है।

उन्होंने कहा कि पकड़े गए वाहनों से संबंधित स्थल का सीमांकन कराया जा रहा है। सीमांकन के बाद यह स्पष्ट होगा कि संबंधित स्थान पर किया जा रहा उत्खनन वैध था या अवैध। प्रशासन की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *