रायपुर। जिले में गौधामों के संचालन की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक में रायपुर जिले के 9 गौधामों के संचालन के लिए प्राप्त आवेदनों को मंजूरी दी गई। इनमें स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ ग्राम पंचायतों के आवेदन भी शामिल हैं।

धरसींवा विकासखंड के 5 गौधामों को मिली स्वीकृति
धरसींवा विकासखंड के अंतर्गत पांच गौधामों के संचालन के लिए आवेदन अनुमोदित किए गए हैं। इनमें धनौली गौधाम के लिए अमृतधाम इष्टमित्र मानवपीठ सेवा संघ, देवेंद्र नगर रायपुर; निलजा गौधाम के लिए महादेव गौधाम सेवा समिति निलजा; पंडरभट्ठा गौधाम के लिए ग्राम गौधाम समिति पंडरभट्ठा; बरबंदा गौधाम के लिए ग्राम पंचायत बरबंदा और नगरगांव गौधाम के लिए ग्राम पंचायत नगरगांव के आवेदन शामिल हैं।
अभनपुर और तिल्दा के गौधाम भी अनुमोदित
अभनपुर विकासखंड के पिपरौद गौधाम के संचालन के लिए गोमती धाम गौशाला सेवा समिति पिपरौद और खोरपा गौधाम के लिए अयोध्या गौ सेवा समिति खोरपा के आवेदन को मंजूरी दी गई है।
वहीं, तिल्दा विकासखंड के मोहदा गौधाम के लिए मां पाताल भैरवी गौधाम समिति मोहदा और कोदवा गौधाम के लिए कामधेनु सेवा समिति कोदवा के आवेदन अनुमोदित किए गए हैं।
जिला स्तरीय समिति की बैठक में हुए निर्णय
बैठक में जिला स्तरीय गौधाम समिति के अध्यक्ष तोमस कुमार यदु, सदस्य हरिका साहू, सदस्य उमेश साहू, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं शंकर लाल उइके सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
समिति की मंजूरी के साथ जिले के तीन विकासखंडों में कुल 9 गौधामों के संचालन का रास्ता साफ हुआ है।