November 21, 2026

विदिशा/भोपाल। मध्यप्रदेश के विदिशा में नशीले पदार्थों के सेवन से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने भोपाल के दो मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना चिकित्सकीय पर्चे के नशीले इंजेक्शन और दवाइयां बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 230 एमएल एविल इंजेक्शन जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

नशे के लिए एविल इंजेक्शन में मिलाता था अल्प्राजोलम

पुलिस के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र में युवक आदर्श मालवीय की मौत के बाद मर्ग जांच शुरू की गई थी। परिजनों और गवाहों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों से पता चला कि मृतक नशे का सेवन करता था।

जांच में सामने आया कि विदिशा में स्मैक उपलब्ध नहीं होने के कारण वह कुछ महीनों से एविल इंजेक्शन में अल्प्राजोलम दवा मिलाकर नशा कर रहा था। इसके लिए वह भोपाल के ग्लोबल मेडिकल स्टोर और इंडियन मेडिकल स्टोर से बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाइयां खरीदता था।

पीएम रिपोर्ट में नशीले पदार्थ की पुष्टि

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी ने बताया कि 25 सितंबर 2026 को आदर्श मालवीय का मर्ग कोतवाली थाने में दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नशीले पदार्थ की मौजूदगी सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई, जिसमें भोपाल के दो मेडिकल स्टोर का नाम सामने आया।

ड्रग्स इंस्पेक्टर के साथ संयुक्त कार्रवाई

एएसपी मोनिका तिवारी के अनुसार, पुलिस ने भोपाल के ड्रग्स इंस्पेक्टर कपिल गुप्ता के साथ मिलकर दोनों मेडिकल स्टोर पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बिना चिकित्सकीय पर्चे के अवैध इंजेक्शन और नशीले पदार्थों की बिक्री सामने आई।

पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में 230 एमएल एविल इंजेक्शन जब्त किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ और आगे की जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *