November 21, 2026

ग्वालियर। मुरार के त्यागी नगर में करवा चौथ के दिन हुई मधु श्रीवास्तव की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान वारदात की वजह पत्नी के चरित्र पर संदेह सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति आनंद श्रीवास्तव को शक था कि पत्नी को नई बिछिया उसके बड़े भाई ने उपहार में दी है और दोनों के बीच गलत संबंध हैं। इसी संदेह को लेकर वह पत्नी से नाराज था। आरोप है कि उसने सोते समय मूसल से सिर और चेहरे पर कई वार कर मधु की हत्या कर दी।

बिछिया को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, मधु करवा चौथ के लिए बिछिया का नया सेट लेकर आई थी। पति आनंद ने जब इसके बारे में पूछा तो मधु ने बताया कि उसे ये उपहार में मिली हैं। हालांकि, आनंद को संदेह था कि बिछिया उसके बड़े भाई ने दी हैं। उसे पत्नी और बड़े भाई के बीच संबंधों को लेकर शक था।

पुलिस जांच के अनुसार, वारदात वाली सुबह मधु कमरे में सो रही थी। उसके सिरहाने रखी बिछिया देखकर आनंद का गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि उसने मूसल से मधु के सिर और चेहरे पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद खुद डायल 112 पर किया फोन

वारदात के बाद आरोपी आनंद ने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को हत्या की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में कंबल से ढका मधु का शव मिला। उसका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। पुलिस ने आनंद को मौके से ही हिरासत में ले लिया और हत्या में इस्तेमाल मूसल जब्त कर लिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं।

2010 में किया था प्रेम विवाह

परिवार के मुताबिक, आनंद और मधु ने वर्ष 2010 में प्रेम विवाह किया था। दोनों की शादी को करीब 16 साल हो चुके थे। वारदात से एक रात पहले मधु ने करवा चौथ के लिए पति के नाम की मेहंदी लगाई थी। परिजनों के अनुसार, घटना की सुबह आनंद ने पोहा बनाया, खुद खाया और बेटे को भी खिलाया। इसके बाद पत्नी की हत्या का मामला सामने आया।

पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ समय से आनंद पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह कर रहा था। आरोपी की मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है। मधु के शव को पोस्टमार्टम के लिए जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) भेजा गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *