रायपुर। छत्तीसगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) ने लंबित प्रोत्साहन राशि और सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। गुरुवार को प्रदेशभर के सैकड़ों CHO नवा रायपुर पहुंचे और तूता धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य भवन का घेराव कर अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज उठाई।

3-4 साल से भुगतान की समस्या का आरोप
संघ का आरोप है कि पिछले 3 से 4 वर्षों से इंसेंटिव भुगतान की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा बीते 7 से 8 महीनों की प्रोत्साहन राशि भी लंबित है। संघ के मुताबिक, राज्य कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों की जिला और ब्लॉक स्तर पर अनदेखी किए जाने के कारण भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
CHO संघ की पांच प्रमुख मांगें
प्रदर्शन कर रहे अधिकारियों ने सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें इंसेंटिव घोटाले के नाम पर CHO के विरुद्ध जारी कथित द्वेषपूर्ण और अनुचित आदेश को निरस्त या संशोधित करने के साथ 7 से 8 महीने की लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान शामिल है।
संघ ने प्रोत्साहन राशि के भुगतान में लगातार हो रही अनियमितताओं को समाप्त करने के लिए इसे सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के मूल वेतन में समायोजित करने की मांग भी की है।
इसके अलावा उप स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ सभी मानव संसाधनों के अस्पष्ट कार्य-दायित्वों (TOR) का पुनरीक्षण कर प्रत्येक पद के अनुसार स्पष्ट और न्यायसंगत कार्य-विभाजन करने की मांग उठाई गई।
सुकमा जिले में PLP पोर्टल पर सत्यापन के बाद निर्धारित ग्रेड के विपरीत मनमाने तरीके से प्रोत्साहन राशि के भुगतान के मामले की जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई करने और भुगतान की अंतर राशि तत्काल देने की मांग भी शामिल है।
संघ ने यह भी मांग की है कि हर महीने की 10 तारीख तक प्रोत्साहन राशि के सत्यापन और भुगतान संबंधी शासन व राज्य कार्यालय के निर्देशों का पालन नहीं करने तथा अनावश्यक देरी करने वाले जिला और ब्लॉक स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशासनिक व्यवस्था पर उठाए सवाल
संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से प्रदेश की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनके आर्थिक हितों, कार्य परिस्थितियों और सेवा संबंधी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य कार्यालय की ओर से जारी आदेशों का पालन यदि जिला और ब्लॉक स्तर पर सुनिश्चित नहीं कराया जा सकता, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।