November 25, 2026

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें घर की बालकनी में बिजली के तार से आग की लपटें उठती दिखाई दे रही हैं। हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोग भी दहशत में आ गए।

वीडियो में दिखीं आग की लपटें

सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट के बाद तेज आग निकलती है। आग घर की बालकनी तक फैल जाती है। आसपास मौजूद लोग घटना को देखकर घबरा जाते हैं।

जाला साफ करते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, नेहरू चौक स्थित घर के बाहर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। तार घर से महज पांच फीट की दूरी पर है। शुक्रवार सुबह घर में जाला साफ करते समय राकेश गुप्ता करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने की कोशिश में उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी झुलस गए।

पिता-पुत्र की मौत, महिला रायपुर रेफर

हादसे में राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *