रायपुर। ‘द हनी बैजर न्यूज’ के संचालक और कारोबारी दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद अब बिलासपुर पुलिस ने रायपुर स्थित उसके होटल और घर पर तलाशी अभियान चलाया है। बिलासपुर क्राइम ब्रांच और सिरगिट्टी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने VIP रोड स्थित होटल वेलकम होटल इन और साईं नगर स्थित उसके घर पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने होटल का DVR और दीपक टंडन की पत्नी का मोबाइल फोन जब्त किया है।

दीपक टंडन पर AI तकनीक के जरिए तस्वीरों से छेड़छाड़ कर भ्रामक और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप हैं। इस मामले में बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में FIR दर्ज की गई है। शिकायत के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने पहले उसे रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था।
होटल और घर से डिजिटल उपकरण जब्त
दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए बिलासपुर पुलिस की टीम रायपुर पहुंची। क्राइम ब्रांच और सिरगिट्टी थाना पुलिस ने VIP रोड स्थित होटल वेलकम होटल इन में तलाशी ली। इसके बाद साईं नगर स्थित उसके घर पर भी दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान होटल का DVR और दीपक टंडन की पत्नी का मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस इन उपकरणों की जांच के जरिए मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है।
जब्त मोबाइल में मिले थे आपत्तिजनक फोटो-वीडियो
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन की गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। इनकी जांच में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई थी। अब होटल के DVR और पत्नी के मोबाइल की जब्ती को भी जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
DSP कल्पना वर्मा मामले में भी आया था नाम
दीपक टंडन का नाम DSP कल्पना वर्मा से जुड़े मामले में भी सामने आया था। टंडन ने तत्कालीन दंतेवाड़ा में पदस्थ DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे आरोप लगाए थे। उसका दावा था कि दोनों के बीच करीब चार साल तक प्रेम संबंध रहे और इस दौरान उससे करोड़ों रुपये, महंगी गाड़ी और कीमती गहने लिए गए थे।
टंडन ने इस संबंध में DGP और IG से शिकायत भी की थी। हालांकि, ये सभी आरोप दीपक टंडन की ओर से लगाए गए थे।
फिलहाल बिलासपुर पुलिस मामले में डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है। जब्त DVR और मोबाइल फोन की जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकते हैं।