छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी सहायता बिना किसी देरी के पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले क्षेत्रों में तेजी से जलनिकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और जनसुविधाओं को जल्द बहाल करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन तथा सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।