जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के गाजी नगर स्थित झुग्गी बस्ती में देर रात आग लगने से करीब 50 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। हादसे में 50 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रात 2:30 बजे लगी आग, बस्ती में मची अफरा-तफरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग देर रात करीब 2:30 बजे लगी, जब बस्ती के लोग सो रहे थे। एक झुग्गी से उठी लपटें तेजी से आसपास की झुग्गियों तक फैल गईं। करीब 350 परिवारों वाली घनी बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। लोग बच्चों और बुजुर्गों को लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
आग की चपेट में आए परिवारों का कपड़ा, राशन, बर्तन, नकदी और जरूरी कागजात सहित गृहस्थी का सामान जल गया। कई लोगों को सामान बाहर निकालने का मौका भी नहीं मिला।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां, पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कोई जनहानि नहीं, राहत की व्यवस्था जारी
पूर्व पार्षद ताहिर अली के मुताबिक, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन करीब 50 परिवार बेघर हो गए हैं। घटना के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और प्रभावित परिवारों के लिए भोजन तथा तत्काल राहत की व्यवस्था की जा रही है।
आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।