उज्जैन। धनतेरस और दीपावली के पर्व के बीच उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

दर्शन के बाद बृजेश पाठक ने बाबा महाकाल से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इस दौरान महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत और सत्कार किया गया।
बाबा महाकाल के दर्शन कर अभिभूत हुए डिप्टी सीएम
दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन कर ऐसा महसूस हुआ, मानो साक्षात भोलेनाथ विराजमान हों। उन्होंने कहा कि आज धनतेरस के साथ प्रदोष का भी संयोग है। इसके बाद दीपावली और भाई दूज जैसे पर्व मनाए जाएंगे।
अयोध्या की दीपावली का किया जिक्र
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक परंपरा के अनुसार भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की स्मृति में दीपावली मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में दीपावली पर अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। यह सब भगवान भोलेनाथ की कृपा से संभव हो रहा है।