September 13, 2026

रायपुर। कर्नाटक सरकार के वंदे मातरम को लेकर लिए गए फैसले पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाते हुए कर्नाटक सरकार के फैसले को अलोकतांत्रिक बताया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि संसद में विधेयक पारित कर वंदे मातरम को लेकर कानून बनाया गया है। ऐसे में कर्नाटक सरकार का फैसला लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने इसे “भारत माता का अपमान” बताया।

PM आवास और लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम में पहुंचे शिवराज

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को बहुत प्यार दिया है और प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। शिवराज ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ का विकास प्रभावित हुआ।

‘गरीबों के लिए 3.65 लाख से ज्यादा मकान स्वीकृत’

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को आवास का अधिकार दिया है। उनके मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 3 लाख 65 हजार से अधिक मकानों को मंजूरी दी गई है और कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को इसकी स्वीकृति से संबंधित पत्र दिए जा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1,600 मकानों का निर्माण पूरा हो रहा है

केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत से जुड़े कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भागीदारी है। खेत से सड़क तक की योजना को भी इसमें शामिल किया गया है और ग्रामीण सड़कों के लिए केंद्र की ओर से राशि स्वीकृत की गई है।

PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर कही यह बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व गुरु बनने के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

BRICS पर कांग्रेस के सवालों पर भी साधा निशाना

वहीं BRICS सम्मेलन को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दुनिया की लगभग आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले देशों का एक मंच पर आना महत्वपूर्ण है और पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर है।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब भारत का सम्मान दुनिया में बढ़ता है तो कांग्रेस को परेशानी होती है। शिवराज ने कहा कि कांग्रेस देश की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाती है और देश की प्रगति एवं विकास से वह खुश नहीं हो सकती।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *