रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रेल यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई ट्रेनें शुक्रवार को घंटों देरी से पहुंचीं। लंबी दूरी की कई ट्रेनों के अलावा लोकल ट्रेनों की रफ्तार भी प्रभावित हुई है। ट्रेनों के घंटों लेट होने से यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

समता एक्सप्रेस करीब 3 घंटे लेट
शुक्रवार को रायपुर पहुंचने वाली कई प्रमुख ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचीं। इनमें समता एक्सप्रेस करीब 3 घंटे, पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस 2 घंटे 45 मिनट, दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस 3 घंटे 45 मिनट और विशाखापट्टनम-दुर्ग एक्सप्रेस करीब 2 घंटे विलंब से रायपुर पहुंची।
बताया जा रहा है कि दुर्ग से रायपुर के बीच लोकल ट्रेनों को आउटर पर लंबे समय तक रोका जा रहा है। इसके चलते सामान्य रूप से करीब एक घंटे में पूरा होने वाला सफर भी इससे अधिक समय ले रहा है।
एक महीने से अंबिकापुर एक्सप्रेस भी लेट
अंबिकापुर एक्सप्रेस के यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। ट्रेन के रायपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8:30 बजे है, लेकिन यात्रियों के अनुसार पिछले करीब एक महीने से यह ट्रेन अक्सर 3 से 4 घंटे की देरी से रायपुर पहुंच रही है।
वापसी के दौरान भी ट्रेन के घंटों विलंब से चलने की जानकारी सामने आ रही है। इसके कारण अंबिकापुर में यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में रात 12 से 1 बजे तक स्टेशन पर रुकना पड़ रहा है।
दोपहर से शाम तक कई ट्रेनें 2 से 5 घंटे लेट
शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच रायपुर पहुंचने वाली कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें 2 से 5 घंटे तक विलंबित रहीं। कई ट्रेनों की देरी दुर्ग से रवाना होने के बाद आगे के स्टेशनों तक पहुंचते-पहुंचते लगातार बढ़ती गई।
संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दुर्ग से रवाना होने के बाद रायपुर पहुंचते समय 9 मिनट लेट थी। भाटापारा पहुंचने तक देरी 29 मिनट, उसलापुर तक 31 मिनट और पेंड्रारोड तक 1 घंटे 40 मिनट हो गई। शहडोल पहुंचने तक ट्रेन करीब 2 घंटे 3 मिनट विलंबित हो चुकी थी।
इसी तरह साउथ बिहार एक्सप्रेस दुर्ग से निर्धारित समय पर रवाना हुई, लेकिन रायपुर पहुंचने में 5 मिनट की देरी हुई। तिल्दा तक पहुंचते-पहुंचते देरी 31 मिनट और सक्ती तक 1 घंटे 12 मिनट हो गई।
शहडोल रूट की ट्रेनें भी प्रभावित
शहडोल होकर रायपुर पहुंचने वाली कई ट्रेनें भी घंटों विलंबित चल रही हैं। इनमें सारनाथ और अमरकंटक एक्सप्रेस समेत करीब आधा दर्जन ट्रेनें शामिल हैं। यात्रियों के मुताबिक इनमें से कई ट्रेनें रोजाना करीब 3 घंटे या उससे अधिक की देरी से रायपुर पहुंच रही हैं।
अमरकंटक एक्सप्रेस के भी रोज करीब 3 घंटे विलंब से रायपुर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। निर्धारित समय के अनुसार यात्री स्टेशन पहुंच रहे हैं, लेकिन ट्रेन के लेट होने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
समय पर रवाना होने के बाद भी रायपुर पहुंचने में देरी
दुर्ग और बिलासपुर से कुछ ट्रेनें निर्धारित समय पर रवाना होने के बावजूद रायपुर पहुंचते-पहुंचते विलंबित हो रही हैं। लोकल ट्रेनें भी कई बार 1 से 2 घंटे तक लेट हो रही हैं।
लगातार बारिश के बीच ट्रेनों की देरी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने और स्टेशन पहुंचने से पहले रनिंग स्टेटस जांचने की सलाह दी जा रही है।