रायपुर। कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश के चलते खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। महादेव घाट पुल के ऊपर करीब 2 फीट पानी बहने के कारण रायपुर-अमलेश्वर मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। इसके बावजूद नदी का रौद्र रूप देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुल के दोनों छोर पर पहुंच रहे हैं और कई लोग जान जोखिम में डालकर सेल्फी और वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।

पुल के ऊपर पानी, आवाजाही बंद
पिछले तीन दिनों से बालोद समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। इसका असर खारुन नदी के जलस्तर पर भी पड़ा है और नदी उफान पर है।
प्रशासन ने महादेव घाट पुल पर पानी बढ़ने के बाद रायपुर-अमलेश्वर मार्ग पर आवाजाही रोक दी है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग नदी का बढ़ा जलस्तर देखने के लिए मौके पर पहुंच रहे हैं।
सेल्फी और वीडियो बनाने के लिए जोखिम उठा रहे लोग
महादेव घाट के अलावा रायपुर-दुर्ग मार्ग पर खारुन नदी के पुल के पास भी लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। कुछ लोग नदी के तेज बहाव और पुल के ऊपर बहते पानी के करीब जाकर सेल्फी और वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।
लगातार बारिश और तेज बहाव के बीच इस तरह लोगों का नदी और पुल के आसपास पहुंचना सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रहा है। महादेव घाट पर पुलिस प्रशासन की टीम तैनात है और लोगों को नदी के करीब नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है।
गर्मियों में सूखने वाली नदी बारिश में उफान पर
खारुन नदी, शिवनाथ नदी की प्रमुख सहायक नदियों में से एक है और बालोद जिले के गुरुर तहसील क्षेत्र से निकलती है। गर्मी के दिनों में इसका जलस्तर काफी कम हो जाता है, लेकिन बारिश के मौसम में कैचमेंट एरिया में लगातार पानी गिरने से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है।
फिलहाल खारुन नदी का बढ़ा जलस्तर और महादेव घाट पुल के ऊपर बहता पानी खतरे का संकेत दे रहा है।
प्रशासन की अपील- नदी और पुल के पास न जाएं
मौसम विभाग की ओर से छत्तीसगढ़ में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। ऐसे में नदी-नालों के जलस्तर में और बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बढ़े जलस्तर के बीच नदी, पुल और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। लोग सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।